जमुई : 12 वीं पुण्य तिथि पर महान शख्सियत दिग्विजय सिंह को याद किया
शुक्रवार (24/06/2022) को गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत नयागांव के समीप नदी के किनारे अवस्थित समाधि स्थल पर महान शख्सियत और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृतिशेष दिग्विजय सिंह की 12 वीं पुण्य तिथि समारोह पूर्वक मनाई गई।
बांका की पूर्व सांसद पुतुल देवी ने 12 वीं पुण्य तिथि के अवसर पर अपने पूज्य पति एवं महान शख्सियत सह पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत दिग्विजय सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण किया और उनके चरणों में शीश झुकाया। उन्होंने मौके पर कहा कि वे अपनी उपमा आप थे। जमुई समेत बिहार के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। श्रीमती देवी ने उन्हें हॄदयतल से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाज को उनके बताए मार्गों पर चलने का संदेश दिया।
विधायक सह दिवंगत दिग्विजय सिंह की सुता श्रेयसी सिंह ने परम आदरणीय पिताजी को नमन करते हुए कहा कि समाज की हर पीढ़ी को उनके जैसा पापा मिले , यही मेरी दिली ख्वाहिश है। उन्होंने भी पापा की मूर्ति पर पुष्प अर्पित किया और उन्हें अनंत श्रद्धांजलि अर्पित की।
जदयू जिलाध्यक्ष ई. शंभू शरण ने मरहूम दिग्विजय सिंह को समाज के हर वर्गों के चहेते ” दादा ” की संज्ञा देते हुए कहा कि वे आज भी प्रसांगिक हैं। उन्होंने रेल मंत्री के पद पर रहकर जहां जमुई समेत बिहार को कई तोहफा दिया वहीं विदेश मंत्री के पद पर आसीन होकर हिंदुस्तान की विदेश नीति को नया आयाम देने के साथ देश को शक्तिशाली बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिलाध्यक्ष ई. शरण ने भी दिवंगत श्री सिंह की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें हॄदय की अंतिम गहराई से नमन किया।
स्वामी निरंजनानंद योग केंद्र के प्रधान स्वामी आत्मस्वरूप, बीजेपी जिलाध्यक्ष कन्हैया कुमार सिंह, शांतनु सिंह, रविंद्र मंडल, ब्रह्मदेव रावत, देवेंद्र सिंह, शैलेश कुमार, रंजीत कुमार सिंह, विनय कुमार पांडे, राष्ट्रदीप सिंह, ब्रजेश वर्णवाल आदि गणमान्य लोगों एवं परिवार के स्वजनों ने पुण्य तिथि समारोह में शिरकत किया और मूर्ति पर माल्यार्पण कर दिवंगत श्री सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
